पिलखुवा में 24 घंटे से बिजली संकट, आक्रोशित लोगों का प्रदर्शन; अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप।

SHARE:

दिनांक: 11/06/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुवा में 24 घंटे से बिजली संकट, आक्रोशित लोगों का प्रदर्शन; अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप।

पिलखुवा। नगर के घास मंडी और रेलवे रोड क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली न आने से क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नाराजगी जाहिर की।स्थानीय नागरिकों के अनुसार, बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट गहरा गया है, घरेलू कार्य प्रभावित हुए हैं तथा बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों का दैनिक जीवन भी मुश्किलों में घिर गया है। लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी देने के लिए अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकांश अधिकारियों के फोन बंद मिले, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि शिकायतों के बाद कई घंटे बीतने पर अधिशासी अभियंता मनीष यादव और एसडीओ अरविंद कुशवाहा मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की। आरोप है कि शिकायतों के समाधान के बजाय स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और हालात को नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान संबंधित अधिकारी वहां से चले गए, जिससे लोगों में और अधिक असंतोष फैल गया। आक्रोशित नागरिकों ने विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया और बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।वहीं अधिशासी अभियंता मनीष यादव ने बताया कि विभागीय टीम लगातार कार्य कर रही है। उनके अनुसार, बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते दोबारा समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है और शाम तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More