पिलखुवा के बजरंगपुरी में भीषण अग्निकांड, गोदाम और शोरूम में रखा लाखों का सामान जलकर राख।

SHARE:

दिनांक: 11/06/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुवा के बजरंगपुरी में भीषण अग्निकांड, गोदाम और शोरूम में रखा लाखों का सामान जलकर राख।

हापुड़। जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र स्थित बजरंगपुरी में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गोदाम और शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठते धुएं के गुबार और ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार गोदाम का स्वामित्व रोहित यादव के पास है, जबकि गोदाम और शोरूम में रखा सामान हापुड़ निवासी हर्ष गोयल का बताया जा रहा है। परिसर में मौजूद एक गोदाम में फर्नीचर का स्टॉक रखा हुआ था, जबकि दूसरे गोदाम में कूलर, एयर कंडीशनर, फ्रिज, वाशिंग मशीन और शादी-विवाह समारोहों में उपयोग होने वाला बड़ी मात्रा में सामान रखा गया था।

आग लगने के बाद देखते ही देखते गोदाम और शोरूम में रखा कीमती सामान जलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। वहीं सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का अभियान चलाया और कई घंटों की मेहनत के बाद आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें काफी दूर से दिखाई दे रही थीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से आसपास स्थित अन्य प्रतिष्ठानों और मकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।इस अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि क्षेत्र के लोगों ने घटना को लेकर चिंता जताई है।

स्थान : बजरंगपुरी, पिलखुवा, जनपद हापुड़

Read More