हापुड़ पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, वारदात के बाद आरोपी पति फरार।

SHARE:

दिनांक: 12/06/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

हापुड़ पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, वारदात के बाद आरोपी पति फरार।

हापुड़। जनपद हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के उदयरामपुर नगला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय अनु अपने पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि दंपति करीब 10 दिन पहले ही उक्त मकान में रहने आए थे। महिला स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत थी और रोजाना काम पर जाती थी।बताया जाता है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पति ने कथित रूप से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे में पड़े महिला के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश तथा शोक का माहौल है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।