दिनांक: 12/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
खेड़ा गांव चाकूबाजी कांड: घायल युवक दौलत की उपचार के दौरान मौत, दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल।
हापुड़। जनपद हापुड़ की पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा गांव में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल युवक दौलत की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व खेड़ा गांव में हुए विवाद के दौरान दौलत पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और अंततः उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुणाल और तनिष्क को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। अब घायल युवक की मौत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत के बाद मामले में आवश्यक कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।दूसरी ओर, युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



