दिनांक:14/07/2026
रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी
हापुड़ में ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी की बैठक, प्रदेशाध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने 2027 के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान हितों से जुड़े कई वादे गिनाए।
हापुड़। जनपद हापुड़ के प्रभा विहार स्थित स्वर्ग आश्रम रोड पर ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की गतिविधियों, जनहित के मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेशाध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेशभर में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार सक्रिय है और विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य आम लोगों से जुड़े विषयों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना और जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ना है।

बैठक के दौरान पंडित गोपाल शर्मा ने कहा कि यदि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी के समर्थन या सहयोग से सरकार का गठन होता है तो युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नई भर्तियां करने और पत्रकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए पत्रकार आयोग के गठन की दिशा में कार्य किया जाएगा।उन्होंने किसानों और शिक्षा के क्षेत्र को लेकर भी कई प्रस्तावों का उल्लेख किया। उनके अनुसार गन्ना किसानों के लिए समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने, पहली कक्षा से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने तथा छात्र-छात्राओं के लिए निशुल्क बस सुविधा शुरू करने जैसे विषय पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में एम्स जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पताल स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही सरकारी विभागों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने, गरीब परिवारों को निशुल्क आवास उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 200 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने जैसे प्रस्ताव भी उन्होंने गिनाए।सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वृद्धजनों, तलाकशुदा महिलाओं और विधवाओं के लिए प्रतिमाह 3000 रुपये पेंशन सीधे बैंक खातों में भेजने तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए श्रवण कुमार योजना के माध्यम से निशुल्क चारधाम यात्रा जैसी योजनाओं को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई।

उन्होंने ब्राह्मण समाज के उत्थान, सुरक्षा, कल्याण और प्रगति के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन का भी प्रस्ताव रखा।बैठक में प्रदेश कोषाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा, प्रदेश कार्यालय इंचार्ज सुनील शर्मा, मेरठ मंडल अध्यक्ष (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) आबिद सैफी, व्यापार प्रकोष्ठ हापुड़ के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ हापुड़ के जिलाध्यक्ष धर्मवीर कश्यप, जिला सचिव नितिन निर्वाण, राजकुमार कुशवाहा, अनस सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नोट: बैठक के दौरान बताए गए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेंशन, गन्ना मूल्य और अन्य घोषणाएं ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष द्वारा व्यक्त राजनीतिक प्रस्ताव और दावे हैं। इन योजनाओं का क्रियान्वयन भविष्य में सरकार के गठन और नीतिगत निर्णयों पर निर्भर करेगा।




