दिनांक:22/07/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता शराफत सैफी
हापुड़ में कांग्रेस नेताओं को नजरबंद, खाद और बिजली बिल के मुद्दे पर प्रस्तावित ज्ञापन पुलिस को सौंपा।
हापुड़। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध के बीच उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इसी क्रम में हापुड़ में भी कांग्रेस नेताओं को एहतियातन उनके आवासों तक सीमित रखा गया। इसके चलते कांग्रेस का पूर्व निर्धारित प्रदर्शन और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम प्रभावित हुआ।कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने दावा किया कि मंगलवार देर रात पुलिस प्रशासन ने उन्हें उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। उनके अनुसार, जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपने की योजना बनाई थी। ज्ञापन में प्रदेश में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता, बढ़ती बिजली दरों तथा उपभोक्ताओं को आ रहे अधिक बिजली बिलों जैसे मुद्दे उठाए जाने थे।

राकेश त्यागी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के साथ हुई घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संभावित विरोध को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश बताते हुए सरकार के रवैये पर सवाल उठाए।हालांकि प्रशासनिक प्रतिबंधों के बावजूद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचकर अपना ज्ञापन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। यह ज्ञापन थाना प्रभारी मनीष चौहान और तहसीलदार स्वाति गुप्ता को दिया गया, जिसे राज्यपाल तक भेजने का अनुरोध किया गया।

कांग्रेस के शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े बिजली बिलों को लेकर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।ज्ञापन में कांग्रेस ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, बिजली बिलों की समीक्षा कराने तथा आम जनता को राहत देने की मांग की। साथ ही राज्यपाल से इन विषयों पर राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया।इस दौरान पूर्व विधायक गजराज सिंह, पंडित अरविंद शर्मा, दिनेश चंद शर्मा, रजनीश त्यागी, रश्मि चौधरी, चौधरी मुरसलीन, आई.सी. शर्मा, रामलाल आर्य, हर्ष कुमार सिरोही, गौरव गर्ग, सुबोध शास्त्री, सुशील शास्त्री, नरेश भाटी, कपिल शर्मा, विनोद जाटव, एडवोकेट फुरकान, आदेश शर्मा, डालचंद शर्मा, लोकपाल सागर, अनूप कर्दम, गुलफाम अली, जस्सा सिंह, कुसुम लता, सविता गौतम, यशपाल ढीलोर, सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार, गोपाल भारती, महबूब अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







