दिनांक:03/09/2026
रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी
गढ़मुक्तेश्वर में गौरव त्यागी हत्याकांड पर सपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा, राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल।
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। जनपद हापुड़ की विधानसभा 60 गढ़मुक्तेश्वर के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर में गौरव त्यागी की हत्या के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचा और घटना पर दुख व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधानसभा 60 गढ़मुक्तेश्वर के वरिष्ठ नेता एडवोकेट सुधीर चौहान भी शामिल रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।एडवोकेट सुधीर चौहान ने आरोप लगाया कि गौरव त्यागी से जुड़े मामलों में पहले भी दो बार हत्या के प्रयास के मुकदमे चल रहे थे। इसके बावजूद परिवार की ओर से सुरक्षा की आवश्यकता जताए जाने के बाद भी उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने यह भी कहा कि लाइसेंस की मांग किए जाने के बावजूद लाइसेंस उपलब्ध नहीं कराया गया।

सुधीर चौहान ने कहा कि जब किसी व्यक्ति के सामने लगातार सुरक्षा का खतरा बना हुआ हो, तो शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में रहने वाले लोगों को लाइसेंस दिए जाने की चर्चा होती है, लेकिन जिन लोगों को वास्तव में अपनी सुरक्षा के लिए इसकी आवश्यकता होती है, उनकी मांगों पर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जाती। उनके मुताबिक, गौरव त्यागी की हत्या की घटना इसी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान ने मांग की कि मामले में निष्पक्ष और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई हो, जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना केवल कानूनी प्रक्रिया का विषय नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही से भी जुड़ा हुआ है।उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी की। उनका कहना था कि परिवार के सामने कमाने वाले सदस्य को खोने के बाद आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, इसलिए सरकार को मानवीय आधार पर तत्काल सहायता प्रदान करनी चाहिए।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परिवार की आर्थिक सहायता भी की ओर भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और न्याय की मांग को उचित मंच पर उठाती रहेगी।गौरव त्यागी की हत्या ने गांव ही नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े किए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि शासन-प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और पीड़ित परिवार की मांगों पर किस स्तर तक कार्रवाई होती है।ईश्वर दिवंगत गौरव त्यागी की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।






