दिनांक:18/11/2026
रिपोर्ट by संवाददाता इस्तेकार चौधरी


धौलाना तहसील के पार्क की छह महीने से नहीं हुई सफाई, लंबी घास और झाड़ियों से कीड़े-मकोड़ों का खतराफरियादियों और अधिवक्ताओं को बैठने में हो रही परेशानी, पार्क में गंदगी का लगा अंबार


धौलाना तहसील परिसर में बने पार्क की बदहाल स्थिति तहसील प्रशासन की साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब छह महीने से पार्क की सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते पार्क में जगह-जगह लंबी-लंबी घास और झाड़ियां उग आई हैं, जबकि चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। पार्क की इस स्थिति के कारण तहसील में आने वाले फरियादियों और अधिवक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, तहसील परिसर में यह पार्क फरियादियों, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों के बैठने तथा कुछ समय आराम करने के उद्देश्य से बनाया गया था। लेकिन उचित देखरेख और सफाई के अभाव में पार्क अपनी उपयोगिता खोता जा रहा है। लंबी घास और झाड़ियों के कारण यहां कीड़े-मकोड़े पनपने का खतरा भी बना हुआ है।


अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील में प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी अपने कामकाज के सिलसिले में पहुंचते हैं। कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन पार्क की बदहाल स्थिति के चलते लोग वहां बैठने से भी कतराते हैं। उनका आरोप है कि करीब छह महीने से सफाई नहीं होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।


अब सवाल यह है कि आखिर तहसील परिसर में बने पार्क की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है? जब तहसील परिसर में ही साफ-सफाई की ऐसी स्थिति है तो आम लोगों को बेहतर सुविधाएं कैसे मिलेंगी?
अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन से जल्द से जल्द पार्क की सफाई कराने, लंबी घास और झाड़ियों को हटवाने तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि तहसील आने वाले फरियादियों और अधिवक्ताओं को स्वच्छ वातावरण में बैठने की सुविधा मिल सके।









