गाजियाबाद डासना जेल से आजम खान को मिली राहत, डासना जेल से रिहा होकर रामपुर के लिए हुए रवाना।

SHARE:

दिनांक:18/11/2026

ब्यूरो रिपोर्ट

गाजियाबाद डासना जेल से आजम खान को मिली राहत, डासना जेल से रिहा होकर रामपुर के लिए हुए रवाना।

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार शाम बड़ी राहत मिली। गाजियाबाद स्थित डासना जिला कारागार से उन्हें रिहा कर दिया गया। करीब 18 दिनों तक जेल में रहने के बाद शाम लगभग 6:30 बजे वह जेल से बाहर आए। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही समर्थकों का जमावड़ा जेल के बाहर लग गया।आजम खान की रिहाई को लेकर जेल परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। समर्थकों की भीड़ को देखते हुए आसपास के रास्तों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।

रिहाई से पहले गाजियाबाद की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत में जमानत से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। अदालत के निर्देशानुसार 50-50 हजार रुपये के दो जमानती और 50 हजार रुपये का निजी मुचलका जमा कराया गया। बताया गया कि शहनवाज और जुनैद ने जमानतदार के रूप में दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके साथ ही आवश्यक एफडी और शपथ पत्र भी अदालत में दाखिल किए गए। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रिहाई का आदेश डासना जेल भेजा गया।

गौरतलब है कि 17 नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को अंतरिम जमानत प्रदान की थी। इस आदेश के बाद ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख भी किया था। हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया में कानूनी प्रावधानों और आरोपी को मिलने वाले संवैधानिक संरक्षण के पालन को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणियां की थीं।आजम खान पर आरोप है कि सरकारी परियोजनाओं के लिए आवंटित धनराशि का इस्तेमाल रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में किया गया। इसी आरोप के आधार पर ईडी ने उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से दर्ज 58 एफआईआर को आधार बनाकर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। एजेंसी ने 28 अक्टूबर को विश्वविद्यालय से जुड़ी जमीन और इमारतों को भी अटैच किया था, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये बताई गई है।वहीं, समाजवादी पार्टी के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद आजम खान रामपुर के लिए रवाना होंगे। उनकी रिहाई से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।आजम खान की रिहाई को समाजवादी पार्टी के लिए भी एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।

 

 

 

Read More

सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, गढ़ पुलिस की कार्रवाईभैंसा बुग्गी सवार को पिस्टल दिखाकर धमकाने का वीडियो हुआ था वायरल, घटना में प्रयुक्त जोंगा जीप समेत दो वाहन बरामद