रिपोर्ट – नाज आलम ( सोर्स एक्स प्लेटफ़ॉर्म)
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इन दिनों घने कोहरे की जद में डूबी है। मंगलवार को घने कोहरे के कारण दिल्ली के आईजीआई हवाईअड्डे पर 150 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं जबकि लगभग दस विमानों को निरस्त करना पड़ा।
दिल्ली :
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर कोहरे की तगड़ी मार पड़ी है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के बड़े हिस्से में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा है। घने कोहरे के कारण मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 150 से ज्यादा विमानों का संचालन प्रभावित हुआ। एक अधिकारी ने हिन्दुस्तान टाइम्स को बताया कि दिल्ली के आईजीआई हवाईअड्डे पर 150 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं जबकि लगभग दस विमानों को निरस्त करना पड़ा। रेल यातायात पर भी कोहरे का व्यापक असर देखने को मिल रहा है।
मंगलवार को 30 से ज्यादा रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से दिल्ली पहुंची हैं। इसमें से कुछ रेलगाड़ियां तो चार-चार घंटे से भी ज्यादा देरी से दिल्ली पहुंचीं। दिल्ली आने वाली 28 ट्रेनें मंगलवार सुबह एक से पांच घंटे की देरी से चलीं।
राष्ट्रीय राजधानी में कड़ाके की ठंड घने कोहरे का प्रकोप है। समाचार एजेंसी पीटीआई भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 19 और सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री कम रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिल्ली में जनवरी महीने में अब तक पश्चिमी विक्षोभ अपना असर नहीं दिखा पाया है। इससे इस साल जनवरी में बारिश नहीं हुई है। बारिश नहीं होने के कारण दिल्ली एनसीआर के इलाकों में ठिठुरा देने वाली ठंड पड़ रही है। इस बार जनवरी में दिल्ली में पांच सर्द दिन रहे और पांच दिन शीत लहर की स्थितियां बनी रहीं जो बीते 13 साल में सबसे ज्यादा हैं।
दिल्ली के तमाम हिस्सों में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड और घने से ज्यादा घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार और गुरुवार को ठंड और घने कोहरे की स्थिति बरकरार रहेगी। दिल्ली में हवा की गति आमतौर पर चार किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी। इसके चलते प्रदूषण से भी राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 जनवरी को भी दिल्ली में कड़ाके की सर्दी का सितम जारी रहेगा। दिल्ली में हल्के बादलों की मौजूदगी भी बनी रहेगी।




