पटना बिहार: नीतीश की बैठक में नहीं पहुंचे तीन JDU विधायक, फ्लोर टेस्ट में तेजस्वी करेंगे खेला।

SHARE:

रिपोर्ट / नाज़ आलम ( सोर्स एक्स प्लेटफ़ॉर्म ) 

शकील अहमद ने कहा कि कल फ्लोर टेस्ट में अंदाजा हो जाएगा। कांग्रेस पहले भी एकजुट थी, आज भी है और कल भी रहेगी। लेकिन सच्चाई ये है कि जिस तरह से प्रकरण हुआ है, इसमें सच्चाई की जीत होगी।

 

पटना बिहार :बिहार में 12 फरवरी को नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार विश्वास मत हासिल करेगी। फ्लोर टेस्ट से पहले राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच रविवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंत्री विजय चौधरी के आवास पर जेडीयू विधानमंडल दल की अहम बैठक हुई। बैठक खत्म होने के बाद विजय चौधरी ने पत्रकारों के साथ संक्षिप्त बातचीत की।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि आज की बैठक में जेडीयू के दो-तीन विधायक शामिल नहीं हुए थे। विजय चौधरी ने यह भी कहा कि जो विधायक इस बैठक में शामिल नहीं हुए थे, उन्होंने बाकायदा पार्टी पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। इस बीच हैदराबाद (तेलंगाना) से पटना पहुंचे बिहार कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने बिहार में खेला होने का दावा किया है। बता दें कि आरजेडी नेता व राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की ओर से पहले ही बिहार में खेला होने का दावा किया गया था।

पटना एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान शकील अहमद खान ने कहा कि कल फ्लोर टेस्ट में अंदाजा हो जाएगा। कांग्रेस पार्टी पहले भी एकजुट थी, आज भी है और कल भी रहेगी। लेकिन सच्चाई ये है कि जिस तरह से प्रकरण हुआ है, इसमें सच्चाई की जीत होगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तोड़ने की मजाल किसी में नहीं है। फ्लोर टेस्ट को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि खेला होगा।

जेडीयू विधानमंडल की बैठक के बाद विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि हमलोग पूरी तरह आश्वस्त हैं कि हमारे पास बहुमत है। हमारे पास विधायकों की संख्या 128 है। हर हाल में हमारा बहुमत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पार्टी विधायकों-विधान पार्षदों की बैठक हुई। माईक लगाकर मीटिंग की गई थी। हमलोगों ने कुछ नहीं छुपाया और ना ही कुछ ऐसी बात है, जिसे छुपाना चाहते हैं। हमारे लगभाग सारे विधायक बैठक में थे। दो-तीन विधायक उपस्थित नहीं थे, जिन्होंने बैठक में नहीं आने की सूचना पार्टी पदाधिकारियों को दी थी। पार्टी से अनुमति लेकर बैठक से गैरहाजिर हुए। आज रात व सोमवार की सुबह तक वो विधायक भी पटना आ जाएंगे।

गौरतलब है कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में 15 दिन पहले गठित एनडीए सरकार के विश्वास मत की सोमवार को विधानसभा में परीक्षा होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विश्वास मत पेश करेंगे, जिसके समर्थन और खिलाफ में विधायक मतदान करेंगे। पक्ष और विपक्ष में मतदान सुनिश्चित करने को लेकर रविवार को सत्ता सरकार तथा विरोधी खेमा दोनों ओर से विधायकों को एकजुट रखने की कवायद चरम पर रही। भोज और बैठकों का दौर चला। भाजपा के विधायक बोधगया के प्रशिक्षण शिविर से तो कांग्रेस के विधायक हैदराबाद की सैर कर पटना लौट आए। जदयू ने विधानमंडल दल की बैठक की। वहीं राजद और वम दल के विधायक तेजस्वी यादव के आवास पर शनिवार की शाम से ही इकट्टे रह रहे हैं।

Leave a Comment