रिपोर्ट / नाज आलम ( सोर्स एक्स प्लेटफ़ॉर्म )
अरुण गोविल को मेरठ से उम्मीदवार बनाया है। बॉलीवुड एक्टर कंगना रनौत को हिमाचल प्रदेश के मंडी से उतारा है। उद्योगपति नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से टिकट दिया गया है।
देश : आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने रविवार शाम को पांचवी लिस्ट भी जारी कर दी। इस बार 111 उम्मीदवारों के नाम जारी किए गए हैं। इससे पहले पहली लिस्ट में 195, दूसरी में 72, तीसरी में 9 और चौथी लिस्ट में 15 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए थे। बीजेपी लोकसभा चुनाव के लिए 302 उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर चुकी है। पांचवी लिस्ट में बीजेपी ने कई दिग्गजों पर दांव लगाया है। इसमें 90 के दशक के मशहूर धारावाहिक सीरियल रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भी हैं, उन्हें मेरठ से उम्मीदवार बनाया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को हिमाचल प्रदेश के मंडी से उतारा है। वहीं, कुछ देर पहले ही कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। कोलकाता हाई कोर्ट के पूर्व जज अभिजीत गंगोपाध्याय को बंगाल की तामलुक सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।
जिंदल का जाना कांग्रेस के लिए कितना खतरनाक
कांग्रेस के टिकट पर कुरुक्षेत्र से लगातार दो बार सांसद रहे दिग्गज उद्योगपति नवीन जिंदल का लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी में जाना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। भाजपा में शामिल होते ही उन्हें पार्टी ने परंपरागत सीट कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार बना लिया है। जिंदल के भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए बड़ा खतरा इसलिए है क्योंकि इससे कांग्रेस पार्टी के हरियाणा में और भी कमजोर होने का खतरा है।
जिंदल परिवार का हिसार और कुरुक्षेत्र इलाके में जनता पर खासा प्रभाव है। नवीन जिंदल के पिता ओमप्रकाश जिंदल साल 2005 में हरियाणा सरकार में मंत्री थे। एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल ओमप्रकाश जिंदल के स्थान पर विधायक और हरियाणा में मंत्री बनीं थी। 
मंडी में कंगना रनौत की परीक्षा
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट के लिए बीजेपी ने कंगना रनौत को उम्मीदवार बनाया है। मंडी प्रदेश की हॉट लोकसभा सीट मानी जाती है। इस सीट पर कांग्रेस और बीजेपी में कड़ी टक्कर देखने को मिली है। यहां निवर्तमान सांसद प्रतिभा सिंह हैं, जिन्होंने 2021 उपचुनाव में जीत हासिल की थी। इस सीट पर कांग्रेस ने सर्वाधिक 12 बार जीत दर्ज की है। बीजेपी कैंडिडेट कंगना रनौत मंडी लोकसभा सीट के अंतर्गत मनाली की ही रहने वाली हैं। अक्सर बयानबाजी को लेकर चर्चा में रहने वाली कंगना के लिए मंडी में जीतना बड़ी चुनौती है। कंगना अक्सर मुद्दों को उठाती रही हैं।
बंगाल में जबरदस्त होगा खेला
पश्चिम बंगाल की तामलुक लोकसभा सीट के लिए बीजेपी ने कोलकाता हाई कोर्ट के पूर्व जज अभिजीत गंगोपाध्याय को टिकट दिया है। उन्होंने हाल ही में बीजेपी जॉइन की थी। इस सीट पर उनका मुकाबला टीएमसी के देबांग्शु भट्टाचार्य से है। देबांग्शु साल 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी के लिए चर्चित ‘खेला होबे’ गाना लिख चुके हैं। टीएमसी के राज्य आईटी सेल के अध्यक्ष देबांग्शु भट्टाचार्य ने लोकसभा चुनावों से पहले आईटी और सोशल मीडिया सेल को नया रूप दिया है।




