रिपोर्ट / नाज आलम ( सोर्स एक्स प्लेटफ़ॉर्म )
सुप्रीम कोर्ट ने संजय सिंह को मंगलवार को यह देखने के बाद उन्हें जमानत दे दी कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को उनकी जमानत पर रिहाई पर कोई आपत्ति नहीं है।
नई दिल्ली : कथित दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत मिलने के बाद आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह बुधवार की शाम तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। करीब 6 महीने बाद जेल से बाहर आए संजय सिंह ने आप कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।
जेल के बाहर एकत्रित ‘आप’ के समर्थकों ने “देखो देखो कौन आया, शेर आया, शेर आया” और “संजय सिंह जिंदाबाद” के नारे लगाए। ‘आप’ कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच राज्यसभा सदस्य को फूलमाला पहनाई गई।

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज और आप के विधायक दुर्गेश पाठक जेल के बाहर मौजूद थे। सिंह की रिहाई के मद्देनजर जेल के बाहर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात थे।
उन्होंने कहा, “यह संघर्ष का समय है। अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद। जेल में बंद हमारे नेता भी जल्द बाहर आएंगे। यह जश्न मनाने का नहीं बल्कि संघर्ष का समय है। जेल के ताले टूटेंगे, हमारे सारे नेता छूटेंगे।”
रिहाई के बाद सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता से मिलने के लिए उनके आवास रवाना हो गए।




