कर्ज और संपत्ति विवाद में बेटे ने रची लूट की साजिश, सीसीटीवी जांच में खुला झूठ।

SHARE:

दिनांक:16/05/2026

हरदोई से ब्यूरो रिपोर्ट 

कर्ज और संपत्ति विवाद में बेटे ने रची लूट की साजिश, सीसीटीवी जांच में खुला झूठ।

सांडी। थाना क्षेत्र में लूट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि एक युवक ने कर्ज चुकाने और संपत्ति विवाद के चलते अपनी ही मां के रुपये हड़पने के लिए लूट की फर्जी वारदात की साजिश रची थी। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के बाद आरोपी की पूरी कहानी सामने आ गई।मल्लावां थाना क्षेत्र निवासी श्रीराम ने 14 मई को पुलिस को सूचना दी थी कि सांडी तिराहे के पास बदमाशों ने उसकी मां से रुपये से भरा बैग लूट लिया। उसने बताया था कि घटना 13 मई की शाम की है। हालांकि, घटना के तुरंत बाद न तो स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई और न ही डायल 112 पर कॉल किया गया, जिससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा।तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में देखा गया कि श्रीराम की मां कुंवारा देवी ई-रिक्शे से गिर गई थीं, लेकिन किसी तरह की छीना-झपटी या लूट की घटना नहीं हुई थी। जांच में सामने आया कि गिरने के दौरान उनका रुपये से भरा बैग नीचे गिर गया था, जिसे बाद में श्रीराम ने खुद उठा लिया सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह के मुताबिक बैग में करीब 2.10 लाख रुपये थे। पूछताछ में आसपास मौजूद लोगों ने भी किसी लूट की घटना से इनकार किया। पुलिस ने मामले में ई-रिक्शा चालक हंसराम से भी पूछताछ की। उसने बताया कि श्रीराम उसके घर पहुंचा था और उसे थाने में झूठी गवाही देने के लिए कह रहा था।कड़ाई से पूछताछ करने पर श्रीराम ने पूरी साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि उस पर काफी कर्ज था और वह अपने भाई समेत अन्य लोगों को संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहता था। इसी कारण उसने लूट की झूठी कहानी बनाकर रुपये हड़पने की योजना बनाई थी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कोई लूट की घटना नहीं हुई थी। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया गया है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More