दिनांक:26/05/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में मंदिर में तोड़फोड़, शनिदेव की मूर्ति खंडित मिलने से लोगों में आक्रोश।
जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास स्थित प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर में भगवान शनिदेव की मूर्ति क्षतिग्रस्त मिलने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने जब मूर्ति टूटी हुई देखी तो घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।मामले की जानकारी मिलते ही पिलखुवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की है। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध युवक लोहे की रॉड के साथ आता-जाता दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

घटना के बाद मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के बेहद करीब स्थित मंदिर में इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है।फिलहाल पुलिस ने लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



