पाली कस्बे में अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल, मुख्यमंत्री के निर्देशों को किया जा नज़र अंदाज़।

SHARE:

दिनांक:26/05/2026

रिपोर्ट by: संवाददाता मायाप्रकाश बाजपेई

पाली कस्बे में अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल, मुख्यमंत्री के निर्देशों को किया जा नज़र अंदाज़।

पाली, हरदोई। भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच पाली कस्बे में हो रही अघोषित बिजली कटौती ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रात के समय लगातार बिजली गुल होने से लोगों की नींद और सुकून दोनों छिन गए हैं। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं।प्रदेश सरकार जहां गर्मी के इस दौर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे कर रही है, वहीं पाली कस्बे की जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर और कस्बों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में न्यूनतम 18 घंटे बिजली आपूर्ति के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही रात के समय बिजली व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि तकनीकी खामियों को तुरंत दूर कर अघोषित कटौती रोकी जा सके।इसके बावजूद पाली कस्बे में रात के समय घंटों बिजली कटौती जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है, जिससे इनवर्टर और पानी की व्यवस्था भी जवाब दे जाती है। लोगों को पूरी रात गर्मी में जागकर बितानी पड़ रही है।कस्बे के नागरिकों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।