दिनांक:08/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पुलिस भर्ती परीक्षा में मोबाइल के साथ पकड़ा गया अभ्यर्थी, सुरक्षा में चूक पर दो दारोगा समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित।
हापुड़। उत्तर प्रदेश आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 के दौरान हापुड़ जनपद के पिलखुआ स्थित एक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने का मामला सामने आया है। परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी के पास से प्रतिबंधित मोबाइल फोन बरामद होने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार सोमवार, 8 जून 2026 को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान थाना पिलखुआ क्षेत्र में स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी सचिन पुत्र छज्जू सिंह, निवासी अमरोहा, परीक्षा दे रहा था। परीक्षा के दौरान वह लघु शंका का बहाना बनाकर पुरुष शौचालय में गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को संदेह हुआ।

कर्मचारियों द्वारा शौचालय की जांच किए जाने पर अभ्यर्थी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जो परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित था। प्रारंभिक पूछताछ में अभ्यर्थी ने स्वीकार किया कि वह मोबाइल फोन को अपने अधोवस्त्रों में छिपाकर परीक्षा केंद्र के भीतर ले आया था और परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले उसे शौचालय में छिपा दिया था।घटना की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2024 की धारा 3/4 के अंतर्गत थाना पिलखुआ में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

वहीं परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और फ्रिस्किंग व्यवस्था में लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक हापुड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच में प्रथम दृष्टया चेकिंग ड्यूटी में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दो उपनिरीक्षकों सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



