दिनांक: 10/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
हापुड़ में ग्रेट निकोबार संरक्षण के समर्थन में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, हापुड़ में लोगों से मांगा जनसमर्थन।
हापुड़। ग्रेट निकोबार द्वीप के संरक्षण और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान के तहत बुधवार को हापुड़ में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने संयुक्त रूप से किया।अभियान के दौरान नगरपालिका परिषद परिसर तथा अतरपुरा चौराहे पर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा स्थल सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों से हस्ताक्षर कराए गए। कांग्रेस पदाधिकारियों ने नागरिकों को ग्रेट निकोबार द्वीप के पर्यावरणीय महत्व और उससे जुड़े मुद्दों की जानकारी देते हुए अभियान में भाग लेने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा आज समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ग्रेट निकोबार द्वीप के जंगलों और वहां के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने के लिए जनजागरूकता बढ़ाना जरूरी है।शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने बताया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 8 जून से 15 जून तक चलने वाले इस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों की राय और समर्थन एकत्रित किया जा रहा है, जिसे आगे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।उन्होंने बताया कि अभियान को जनपद के विभिन्न ब्लॉकों तक भी विस्तार दिया जाएगा, जिसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।इस अवसर पर पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, एडवोकेट रघुवीर सिंह, नरेश भाटी, आई.सी. शर्मा, गुलफाम कुरैशी, गौरव गर्ग, यशपाल ढीलोर, सुखपाल गौतम, अफजाल आढ़ती, देवेंद्र कुमार, मास्टर शहरयाब, ऋषिपाल सिंह, सविता गौतम, शादाब सैफी, खुशनूद अली, सचिन गोयल, सुबोध शास्त्री, लोकपाल सागर, रामपाल आर्य सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



