दिनांक: 15/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में महिला की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूली।
हापुड़। हापुड़ पुलिस को हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता मिली है। थाना धौलाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अमृतलाल यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद का निवासी है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक थाना धौलाना में दर्ज मुकदमा संख्या 187/26 के तहत आरोपी की तलाश की जा रही थी। 14 जून 2026 को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पंजाब में मजदूरी का कार्य करता था, जहां उसकी पहचान अनु देवी नाम की महिला से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन बाद में आपसी विवाद और मतभेद भी शुरू हो गए।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 11 जून 2026 को दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने महिला का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और लगातार अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।थाना धौलाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।हापुड़ पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




