दिनांक:15/06/2026
हापुड़ से ब्यूरो रिपोर्ट
ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी ने व्यापार प्रकोष्ठ को दी नई मजबूती, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल।
हापुड़। ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में कूचेसर रोड चौपला स्थित जिला कार्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने की। इस दौरान संगठन विस्तार, व्यापारियों की समस्याओं, प्रदेश की कानून व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति जैसे विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए राजीव गुप्ता को जिला व्यापार प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। नियुक्ति की घोषणा के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाने के साथ-साथ संगठन को जनपद के प्रत्येक क्षेत्र और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिला कार्यालय में व्यापार प्रकोष्ठ की विस्तृत बैठक आयोजित कर नई टीम का गठन किया जाएगा तथा संगठन के विस्तार को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंडित गोपाल शर्मा ने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर जनता और विशेष रूप से व्यापारी वर्ग में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उनका आरोप था कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी प्रभावित हो रहा है।उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता का बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।प्रदेश अध्यक्ष ने टोल टैक्स के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर नए हाईवे और सड़कों के निर्माण की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों को यात्रा के लिए भारी टोल शुल्क का भुगतान करना पड़ रहा है।

उन्होंने सरकार से जनता को राहत देने की मांग की।राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए पंडित गोपाल शर्मा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों की निंदा की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है तथा इस प्रकार की टिप्पणियां लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता बताई।आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया हिन्दुस्तान कांग्रेस Party प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चला रही है और जल्द ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा भी की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, नरेंद्र शर्मा, नितिन निर्वाण, सुनील शर्मा, शिवम शर्मा, धर्मवीर कश्यप सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



