दिनांक: 16/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
हापुड़ पिलखुवा में प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: पिलखुवा में पत्नी की संदिग्ध मौत, पति हिरासत में।
हापुड़, पिलखुवा क्षेत्र की आसरा कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 30 वर्षीय सीमा के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने पति अमन को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार सीमा और अमन ने करीब डेढ़ वर्ष पहले प्रेम प्रसंग के बाद मंदिर में विवाह किया था। शादी के बाद दोनों पिलखुवा की आसरा कॉलोनी में रह रहे थे। दंपति का एक छोटा बच्चा भी है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। सोमवार रात सीमा घर के अंदर मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मृतका के परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि मामले में आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।नोट: मामला जांच के अधीन है। अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



