सिधौली विद्युत उपकेंद्र पर सुरक्षा जागरूकता अभियान, अधीक्षण अभियंता ने कराया मॉकड्रिल।

SHARE:

दिनांक: 16/06/2026

रिपोर्ट by: सिंधौली संवादाता जियाउलहक

सिधौली विद्युत उपकेंद्र पर सुरक्षा जागरूकता अभियान, अधीक्षण अभियंता ने कराया मॉकड्रिल।

सीतापुर। विद्युत कर्मियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर सिधौली विद्युत उपकेंद्र पर विशेष मॉकड्रिल एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता सीतापुर ललित कृष्ण ने उपकेंद्र पहुंचकर कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान अधीक्षण अभियंता ने कहा कि विद्युत लाइन पर किसी भी प्रकार का कार्य शुरू करने से पहले संबंधित लाइन को पूर्ण रूप से आइसोलेट करना अनिवार्य है। उन्होंने कर्मचारियों को समझाया कि विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद होने की पुष्टि के बाद ही मरम्मत या अन्य तकनीकी कार्य शुरू किया जाना चाहिए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।

उन्होंने सभी लाइनमैनों, तकनीकी कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों से हेलमेट, सुरक्षा दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरणों के कार्य करता हुआ पाया गया तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।मॉकड्रिल के दौरान कर्मचारियों को विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक सुरक्षा उपायों तथा सुरक्षित कार्य प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने विभिन्न परिस्थितियों का प्रदर्शन कर कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया।इस अवसर पर अधिशासी अभियंता शैलेन्द्र राजपूत, एसडीओ टाउन नवीन भास्कर, एसडीओ ग्रामीण आशुतोष गुप्ता, जेई टाउन अंकुश मिश्रा, जेई ग्रामीण अवतार सिंह, एसडीओ खैराबाद अंकुर वर्मा, जेई कसरैला धीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित सिधौली डिवीजन के मिश्रिख, खैराबाद, जलालपुर और कमलापुर उपखंडों के जेई, टीजी-2 कर्मचारी एवं संविदा कर्मी मौजूद रहे।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट