दिनांक: 19/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
धौलाना में जनसंवाद के दौरान सपा नेता दिग्विजय शिशोदिया ने उठाए जनसमस्याओं के मुद्दे, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता।
हापुड़। धौलाना विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के युवा नेता दिग्विजय शिशोदिया ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं को करीब से समझने का प्रयास किया। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।दौरे के दौरान दिग्विजय शिशोदिया ने क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि धौलाना क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, लेकिन नियमित सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की कमी के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों, कर्मचारियों, महिलाओं और मरीजों को आवागमन में कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।स्वास्थ्य सुविधाओं के विषय में उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र संसाधनों एवं चिकित्सकों की कमी जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उनका कहना था कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद आवश्यक है और इस दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।

शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है और इस क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता है।इसके अलावा उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, बिजली आपूर्ति, सड़क निर्माण, किसानों की समस्याओं और आवारा पशुओं से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि इन विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाने की आवश्यकता है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।दिग्विजय शिशोदिया ने कहा कि उनका जनसंपर्क अभियान आगे भी जारी रहेगा और वे क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, स्थानीय प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सामने रखते हुए उनके समाधान की मांग की।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



