दिनांक:16/07/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा के सद्दीकपुरा में बिजली के तारों में भीषण आग, समय रहते बिजली आपूर्ति बंद होने से टला बड़ा हादसा।
हापुड़। जनपद हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र के मोहल्ला सद्दीकपुरा में बिजली के तारों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद तारों से लगातार चिंगारियां निकलने लगीं और तेज आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोग घबरा गए। कई लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों का रुख किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की बिजली लाइनें लंबे समय से जर्जर अवस्था में हैं और उनके रखरखाव की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत या उन्हें बदला गया होता तो इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद कर्मचारियों ने स्थिति का निरीक्षण करते हुए आग पर नियंत्रण पाया और क्षतिग्रस्त लाइन की जांच शुरू की। समय पर बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण किसी बड़े हादसे की नौबत नहीं आई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग से क्षेत्र की पुरानी और जर्जर विद्युत लाइनों का सर्वे कर उन्हें शीघ्र बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार कार्य नहीं किए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं।फिलहाल विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय नागरिकों को भी बारिश या तकनीकी खराबी के दौरान बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को देने की सलाह दी गई है।



![]()



