हापुड़ में कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का भव्य स्वागत, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं में जोश का दिया संदेश।

SHARE:

दिनांक:28/07/2026

रिपोर्ट by: संवादाता शराफत सैफी

हापुड़ में कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का भव्य स्वागत, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं में जोश का दिया संदेश।

हापुड़। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के हापुड़ आगमन पर मंगलवार को निजामपुर बाईपास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला कांग्रेस कमेटी, शहर कांग्रेस कमेटी तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा जय भीम का पटका ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी तौकीर आलम भी उनके साथ मौजूद रहे।स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। स्वागत के दौरान कांग्रेस के पक्ष में नारे लगाए गए और प्रदेश में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने बताया कि प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम दिल्ली से रामपुर के लिए रवाना हुए हैं, जहां जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कार्यक्रम में भाग लेने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करें।राकेश त्यागी ने कहा कि प्रदेश प्रभारी का कार्यभार संभालने के बाद उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उनका कहना था कि प्रदेश स्तर पर लगातार संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जा रही है और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस आगामी समय में प्रदेश में अपनी उपस्थिति और प्रभाव को और मजबूत करेगी।कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी सहित जिला एवं शहर संगठन के अनेक पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और अन्य प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने स्वागत समारोह में भाग लेकर प्रदेश नेतृत्व का अभिनंदन किया।पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकता, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Read More