दिल्ली में सरेआम युवक की चाकुओं से गोदा फिर मार दी गोली।

SHARE:

रिपोर्ट – नाज आलम ( सोर्स एक्स प्लेटफ़ॉर्म )

 

दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में पुरानी रंजिश में एक युवक को सरेआम चाकू से गोदने और गोली मारने का मामला सामने आया है। वारदात की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शनिवार को तेजी से वायरल हो गई।

 

दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में पुरानी रंजिश में सरेआम एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से गोदने और फिर गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने खुद ही घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे लहूलुहान हालत में तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय समीर अहमद उर्फ मोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान बिलाल, सऊद, फिरोज और सलीम के रूप में की है। चारों शास्त्री पार्क की बुलंद मस्जिद इलाके के रहने वाले हैं। सलीम शास्त्री पार्क थाने का घोषित अपराधी है। तीन अन्य उसके दोस्त हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित समीर ने बताया कि वह परिवार के साथ शास्त्री पार्क में रहता है। वह इलाके में ही स्थित एक फैक्ट्री में बैग बनाने का काम करता है। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे वह अपने एक जानकार की दुकान के बाहर बैठा हुआ था, तभी चार लड़के उसके पास आए और गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि विरोध करने पर दो बदमाशों ने चाकू निकालकर उसकी दोनों जांघ पर हमला कर दिया। पीड़ित ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। इस बीच, आरोपियों ने दोबारा से उस पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि एक बदमाश ने देशी कट्टे से उसके पैर में गोली मार दी। गोली चलते ही आसपास के लोग वहां इकट्ठे होने लगे। भीड़ जमा होती देख सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जोकि शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

पीड़ित के अनुसार, हमला करने वाले से पहले उसका झगड़ा हुआ था। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुराने झगड़े का बदला लेने के लिए की वारदात

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले आरोपी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। उस दौरान मामूली विवाद में पीड़ित ने बिलाल की पिटाई कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे डाला। फिलहाल चारों आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Comment

Read More