रिपोर्ट / नाज आलम ( सोर्स एक्स प्लेटफ़ॉर्म )
गाजीपुर में सपा नेता की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी है। आक्रोशित लोगों ने वाराणसी मार्ग जाम कर दिया। घटना नंदगंज के बंधवा कुसम्ही कला के पास बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
ग़ाज़ीपुर उत्तर प्रदेश : गाजीपुर में नंदगंज थाना क्षेत्र के बंधवा कुसुम्ही कलां के पास बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की दोपहर में बुलेट सवार सपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई घटना से नाराज ग्रामीणों ने गाजीपुर-वाराणसी राजमार्ग पर रामपुर बंतरा के पास चक्का जाम कर दिया। एसपी के समझाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद करीब दो घंटे तक चला जाम समाप्त हुआ। उधर पुलिस ने सिहोरी गांव के पूर्व प्रधान व उसके दो पुत्रों सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर कर लिया है।
थाना क्षेत्र के अतरसुआ निवासी अमलधारी यादव (48) समाजवादी पार्टी के सेक्टर पर्यवेक्षक थे। अपने परिवार के साथ गाजीपुर शहर के भुतहियाटांड स्थित शिवपुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। बुधवार को पूर्वान्ह 11.30 बजे वह बुलेट मोटरसाइकिल से जिला मुख्यालय से घर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने बंधवा कुसम्ही कला गांव के पुलिया के पास उन्हें गोली मार दी।
गोली लगने के बाद मोटरसाइकिल सहित वह सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश आसानी से फरार हो गए। उधर, गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अमलधारी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया।

सम्पर्क सूत्र – 9454253058, 9935597757
वाराणसी ले जाते समय औड़िहार के पास उनकी जान चली गई। इससे आक्रोशित परिजनों संग ग्रामीणों ने बदमाशों के तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए रामपुर बंतरा के पास एनएच पर शव रख जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर सीओ सैदपुर और भुड़कुड़ा के साथ ही कई थाने की पुलिस फोर्स पहुंच गई।
बाद में एसपी ओमवीर सिंह ने दोषियों को चिन्हित कर शीघ्र गिरफ्तारी करते हुए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर आक्रोशित लोगों ने करीब पौने चार बजे जाम समाप्त किया। एसओ प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन राम नगीना यादव ने विशाल पासी व उसके दोनों पुत्र धर्मपाल व सत्यपाल तथा विनय राय व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है। पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।




