दिनांक:30/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन, शूटिंग प्रतियोगिता में जीते कई पदक।
हापुड़। श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मोदीनगर रोड, हापुड़ की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल है।ग्रेटर नोएडा में 25 मई से 28 मई 2026 तक आयोजित प्रथम दिल्ली पब्लिक स्कूल शूटिंग प्रतियोगिता में विद्यालय की 9 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। देशभर से आए लगभग 350 प्रतिभागियों के बीच श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और सटीक निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा सोया त्यागी ने सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए “चैंपियन ऑफ चैंपियन राइफल विनर ट्रॉफी” अपने नाम की। इसके साथ ही उन्हें 7100 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।विद्यालय की छात्रा अर्पिता सिंह और आयुषी सिंह ने एक-एक स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। वहीं काजल ने एक रजत और एक कांस्य पदक, पुरी विधुरी ने दो कांस्य पदक, अवनी ने एक रजत एवं एक कांस्य पदक अपने नाम किए।इसके अतिरिक्त आराध्या बाना और अनिका भारद्वाज ने एक-एक रजत पदक तथा काव्या कौशिक ने एक कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। छात्राओं की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल केवल शैक्षणिक क्षेत्र में ही नहीं बल्कि खेल जगत में भी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनाशी यादव ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, समर्पण और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय की छात्राएं इसी प्रकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर विद्यालय तथा देश का नाम रोशन करेंगी।विद्यालय प्रबंधन ने भी सभी विजेता छात्राओं, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं की इस उपलब्धि ने पूरे विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



