दिनांक: 13/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
सिखेड़ा में तालाब की बदहाली से ग्रामीण परेशान, बरसात से पहले सफाई की उठी मांग।
हापुड़। पिलखुवा क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ा में स्थित तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से तालाब की साफ-सफाई नहीं कराई गई है, जिससे आसपास गंदगी फैली हुई है और लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार तालाब की सफाई के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य होने की बात कही गई थी, लेकिन तीन योजनाएं आगे बढ़ जाने के बावजूद भी तालाब की समुचित सफाई नहीं हो सकी। लोगों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा भी इस समस्या की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में तालाब का पानी बाहर निकलकर सड़कों तक पहुंच जाता है। इससे रास्तों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।ग्रामीणों ने मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले तालाब की सुनिश्चित और व्यापक सफाई कराई जाए, ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके और गांव की स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हो सके। उनका कहना है कि समय रहते सफाई कार्य नहीं हुआ तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।ग्रामीणों ने संबंधित विभागों और प्रशासन से जल्द संज्ञान लेकर तालाब की साफ-सफाई कराने की मांग की है, ताकि गांववासियों को राहत मिल सके और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से बचाव हो सके।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




