दिनांक: 13/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता मायाप्रकाश बाजपेई
तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक और उसकी मां घायल, चालक मौके से फरार।
पाली (हरदोई)। पाली कस्बे के बरगद तिराहे पर शनिवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और उसकी मां घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, बसवेरा निवासी शुभम पांडे अपनी माता चंद्रकला के साथ खानकालापुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरगद तिराहे के पास पहुंचते ही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। हादसे में चंद्रकला को चोटें आई हैं, जबकि शुभम को भी मामूली चोटें बताई जा रही हैं।घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।थाना प्रभारी निरीक्षक सोमपाल गंगवार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।





स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



