SHARE:

दिनांक :3/11/2026

रिपोर्ट by  संवाददाता इस्तेकार चौधरी

केशव मारवाड़ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में छात्राओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर किया जागरूक किया

पिलखुवा, 3 नवंबर। केशव मारवाड़ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में महिलाओं एवं छात्राओं के हितों से जुड़ी सरकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रीति कौशिक ने किया। संगोष्ठी में छात्राओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में श्रम विभाग की अधिकारी श्रीमती सुधा तोमर ने छात्राओं को ई-श्रम कार्ड की पंजीकरण प्रक्रिया, उससे मिलने वाले लाभ और श्रमिकों के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, महिला एवं बाल विकास कल्याण विभाग की जिला नोडल अधिकारी श्रीमती नेहा ने बाल अपराधों से बचाव, बाल विवाह की रोकथाम और उससे होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।

संगोष्ठी की संयोजक डॉ. प्रीति कौशिक ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग इनके लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में छात्राओं को योजनाओं की जानकारी होना और उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को समझना आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय सचिव श्री प्रेम कुमार गुप्ता एवं इनर व्हील क्लब की सचिव श्रीमती आशा गुप्ता ने आमंत्रित अतिथियों को प्रतीक चिह्न एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। अतिथियों ने छात्राओं से प्राप्त जानकारी को अपने जीवन में उपयोगी बनाने और अन्य लोगों को भी सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि कौशिक ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी सुविधाओं के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास की महिलाओं एवं बालिकाओं को भी जागरूक करने की अपील की।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति के प्रधान श्री महेश शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य विजय सिंघल, सौरभ गुप्ता, सुरेश गर्ग, श्रीमती मंजू सहित महाविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. मंजू जैन, डॉ. चेतना तायल, सुश्री अर्चना यादव, सहवार, ज्योति, साक्षी, चंचल, ललित, पवन तथा महाविद्यालय की समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं।