हापुड़: धौलाना-गुलावठी रोड पर बस और ऑटो टेंपो की भीषण भिड़ंत, युवक की दर्दनाक मौत, शव निकालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

SHARE:

दिनांक :2/11/2026

रिपोर्ट by संवाददाता इस्तेकार चौधरी

हापुड़: धौलाना-गुलावठी रोड पर बस और ऑटो टेंपो की भीषण भिड़ंत, युवक की दर्दनाक मौत, शव निकालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

जनपद हापुड़ के धौलाना-गुलावठी रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्रीत फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार बस और ऑटो टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का शव ऑटो टेंपो के अंदर बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव बाहर निकालने के लिए करीब 30 मिनट तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को धौलाना-गुलावठी रोड पर प्रीत फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार बस और ऑटो टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो टेंपो में सवार रिंकू पुत्र कालीचरन निवासी गांव ककरई, थाना जहांगीराबाद, जिला बुलंदशहर की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद युवक का शव वाहन के अंदर ही फंस गया, जिसके चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। ऑटो टेंपो के अंदर युवक का शव बुरी तरह फंसा होने के कारण उसे बाहर निकालने में पुलिसकर्मियों को करीब 30 मिनट तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने भी स्थिति का जायजा लिया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय बस यात्रियों से भरी हुई थी। हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।थाना प्रभारी अवनीश शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे के मामले में जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने और फरार बस चालक के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है

Read More