दिनांक:25/11/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता शराफत सैफी
जेएमएस वर्ल्ड स्कूल हापुड़ की क्रिकेट टीम बनी चैंपियन, फाइनल में ऋषभ एकेडमी को 32 रनों से दी शिकस्त।
हापुड़। खेल के मैदान पर शानदार प्रदर्शन और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय देते हुए जेएमएस वर्ल्ड स्कूल, हापुड़ की क्रिकेट टीम ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी में आयोजित प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में जेएमएस की टीम ने ऋषभ एकेडमी स्कूल को 32 रनों से हराकर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता में करीब 20 स्कूलों की टीमों ने प्रतिभाग किया।फाइनल मुकाबले में ऋषभ एकेडमी स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की टीम ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के मुकाबले में 19.5 ओवर में 232 रन बनाए। टीम की ओर से सूर्यांश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रनों की बेहतरीन पारी खेली। वहीं तला ने 42 और हर्षित ने 41 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती प्रदान की।

233 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ एकेडमी की टीम ने भी मुकाबले में अच्छा संघर्ष किया, लेकिन जेएमएस के गेंदबाजों के सामने टीम ज्यादा देर टिक नहीं सकी। ऋषभ एकेडमी की पूरी टीम 18.5 ओवर में 200 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से शिवम ने 41, कुणाल ने 40, पार्थ ने 40 और रिहान ने 37 रनों का योगदान दिया।जेएमएस की ओर से श्रेष्ठ और सूर्यांश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं आदर्श और वीर ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया। इस तरह जेएमएस की टीम ने 32 रनों से मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट की विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि स्कूली स्तर पर इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित, उपप्रधानाचार्या प्रभा राव, क्रिकेट कोच अथर अली और बास्केटबॉल कोच दीपांशु गर्ग सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया।जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। टीम के शानदार प्रदर्शन को विद्यालय के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

























