रिपोर्ट – नाज आलम
मोतिहारी बिहार : मुंबई से गुवाहाटी ले जाया जा रहा हवाई जहाज लखनऊ के बाद मोतिहारी में भी अटक गया। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पीपराकोठी में हवाई जहाज के ओवरब्रिज के नीचे फंसने से हाइवे जाम हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बड़ी मशक्कत के बाद इसे निकाला गया। इस हवाई जहाज को ट्रक ट्रैलर पर लादकर असम की ओर ले जाया जा रहा है। अबतक रास्ते में दो बार यह फंस चुका है। इसे मरम्मत के लिए असम ले जाया जा रहा है।
मोतिहारी के पीपराकोठी में चौराहे पर कोटवा से मुजफ्फरपुर जाने वाली लेन पर लंबा घुमाव है। हवाई जहाज को लादे हुए ट्रक का अगला हिस्सा तो फ्लाईओवर से निकल गया। मगर पिछला हिस्सा थोड़ा ऊंचा होने की वजह से उसकी सतह ब्रिज में फंस गई। इससे वह वहीं पर अटक गया। इसके बाद डेढ़ घंटे तक काफी मशक्कत से उसे निकाला गया। इस गहमागहमी में ट्रक के पहिए की हवा भी निकल गई। वहीं, हवाई जहाज और फ्लाईओवर का निचला हिस्सा घिसकर क्षतिग्रस्त हो गया।

एपेक्स इंटरप्राइजे़ज मोदीपुरम मेरठ – रेडीमेड वॉल बाउंड्री, सीमेंटेड बेंच, चेंबर, इंटरलॉकिंग ईंट, पोल, डिवाइडर, सर्विस दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, पंजाब, सम्पर्क सूत्र – 9454253058, 9935597757
पीपराकोठी में ओवरब्रिज के नीचे अटके हवाई जहाज को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ गई। हाइवे की एक लेन को बंद कर दिया गया। जाम में फंसे यात्री हवाई जहाज के फोटो और वीडियो बनाने लगे। सोशल मीडिया पर फोटो देख यह अफवाह भी फैल गई कि प्लेन फ्लाई ओवर से टकरा गया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कुछ देर के लिए आवागमन में परेशानी हुई। बाद में फंसे वाहन को सही सलामत निकाल लिया गया।
बता दें कि तीन दिन पहले यही हवाई जहाज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी फंस गया था। सीतापुर रोड पर स्थित जानकीपुरम फ्लाईओवर पर करीब एक घंटे तक हवाई जहाज को लादने वाला ट्रेलर अटका रहा। बाद में उसे वहां से निकाला गया। बताया जा रहा है कि विमान को लादे हुए ट्रेलर पिछले हफ्ते मुंबई से रवाना हुआ था। जो एमपी, यूपी और बिहार होते हुए असम की ओर जा रहा है। इस हवाई जहाज को मरम्मत कर एक निजी कंपनी इसमें होटल बनाएगी।




