हापुड़ में बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान में पदयात्रा का भव्य स्वागत, सपा नेताओं ने भरी 2027 की हुंकार।

SHARE:

दिनांक:12/04/2026

रिपोर्ट by: संवाददाता जगदीश माकन

हापुड़ में बाबा साहब अंबेडकर के सम्मान में पदयात्रा का भव्य स्वागत, सपा नेताओं ने भरी 2027 की हुंकार।

जनपद हापुड़ में आज भारत रत्न और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में निकाली गई “दौड़ बाबा साहब के नाम पदयात्रा” का अतरपुरा चौपला पर समाजवादी पार्टी द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। ऐतिहासिक धरती पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और आम जनता की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने पूरे माहौल को जोश और उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने मंच से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि बाबा साहब अंबेडकर का संविधान और उनके विचार ही समाजवादी पार्टी की विचारधारा की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हमेशा बाबा साहब के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हापुड़ की सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब इस बात का संकेत है कि जनता अब जनविरोधी नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की एकजुटता के बल पर 2027 में उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की समाजवादी सरकार बनेगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हर कार्यकर्ता बाबा साहब के सामाजिक न्याय के मिशन को घर-घर तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर संविधान की रक्षा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।इस आयोजन के संयोजक छात्रसभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पीयूष वाल्मीकि रहे। कार्यक्रम के दौरान पदयात्रा में शामिल लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया और भीषण गर्मी को देखते हुए शीतल पेयजल की भी विशेष व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर जनपद के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बाबा साहब के संविधान की रक्षा करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने न केवल सामाजिक एकता का संदेश दिया, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए राजनीतिक माहौल को भी गरमा दिया।

Read More