दिनांक:16/05/2026
रिपोर्ट by: संवाददाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: हत्या के 3 आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार, अवैध हथियार और कार बरामद।
जनपद हापुड़ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पिलखुवा पुलिस, हापुड़ नगर पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान बदमाशों से हुई मुठभेड़ में तीन आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अरबन क्रूजर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोलीबारी के जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें तीनों आरोपी घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।
![]()
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवकुश पुत्र अशोक निवासी ग्राम गालंद थाना पिलखुवा जनपद हापुड़, कपिल पुत्र प्रताप सिंह तथा गौरव पुत्र प्रमोद सिंह निवासी ग्राम मसौता थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने ग्राम गालंद निवासी अतुल की गोली मारकर हत्या करने की बात कबूल की है।
इस मामले में थाना पिलखुवा पर पहले से मुकदमा अपराध संख्या 208/2026 दर्ज है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस पंजीकृत किया गया था। पुलिस का कहना है कि हत्या की वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।मुठभेड़ के दौरान हैड कांस्टेबल संदीप राठी भी घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं घायल बदमाशों को भी पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल भेजा गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, पांच खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त अरबन क्रूजर कार बरामद की है। पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है और विस्तृत प्रेस नोट जल्द जारी किए जाने की बात कही गई है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



