संडीला में चाइनीस मांझे का कहर: अधिवक्ता की नाक कटी, बाइक समेत सड़क पर गिरे।

SHARE:

दिनांक:16/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता सूरज गुप्ता

संडीला में चाइनीस मांझे का कहर: अधिवक्ता की नाक कटी, बाइक समेत सड़क पर गिरे।

हरदोई जनपद के संडीला क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीस मांझे ने एक बार फिर बड़ा हादसा कर दिया। कोतवाली संडीला क्षेत्र के ग्राम समद खेड़ा मजरा मीतौं के पास तेज धार वाले चाइनीस मांझे की चपेट में आने से एक अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली।जानकारी के अनुसार ग्राम मनकनी पोस्ट बड़ागांव निवासी राधेश्याम एडवोकेट तहसील संडीला से मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोग पतंग उड़ा रहे थे, जिनके द्वारा प्रतिबंधित चाइनीस मांझे का इस्तेमाल किया जा रहा था। अचानक तेज धार वाला मांझा राधेश्याम की नाक में जा लगा। मांझे की धार इतनी खतरनाक थी कि उनकी नाक बुरी तरह कट गई और वह संतुलन खोकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।हादसे में अधिवक्ता को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।स्थानीय लोगों का आरोप है कि संडीला क्षेत्र में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम चाइनीस मांझा बेचा जा रहा है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के चलते ऐसे जानलेवा हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले भी कई लोग और पक्षी इस खतरनाक मांझे की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं।क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित चाइनीस मांझे की बिक्री करने वालों और इसका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।