दिनांक:16/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता पुनीत कुमार शुक्ला
वट सावित्री व्रत पर महिलाओं ने बरगद वृक्ष की पूजा कर मांगी पति की लंबी उम्र।
बेहटा गोकुल, हरदोई। क्षेत्र में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की और अपने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि तथा अखंड सौभाग्य की कामना की। गांवों और कस्बों में स्थित मंदिरों एवं बरगद के पेड़ों के पास सुबह से ही महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।महिलाएं पारंपरिक परिधानों और सोलह श्रृंगार में पूजा स्थलों पर पहुंचीं। उन्होंने वट वृक्ष के चारों ओर कच्चा धागा बांधकर परिक्रमा की तथा विधि-विधान से पूजा संपन्न की। इस दौरान सावित्री और सत्यवान की कथा का श्रवण किया गया और वैवाहिक जीवन में सुख-शांति की प्रार्थना की गई।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वट सावित्री व्रत हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि माता सावित्री ने अपने अटूट संकल्प और तपस्या के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। इसी परंपरा के प्रतीक स्वरूप विवाहित महिलाएं यह व्रत रखती हैं।पूरे दिन मंदिरों और पूजा स्थलों पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। कई जगह महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन भी किया। वहीं बाजारों में पूजा सामग्री, फल-फूल और श्रृंगार की दुकानों पर सुबह से अच्छी खासी चहल-पहल देखने को मिली।


स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




