हापुड़ सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर को मिली जान से मारने की धमकी, गढ़मुक्तेश्वर थाने में शिकायत दर्ज

SHARE:

दिनांक:17/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन

हापुड़ सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर को मिली जान से मारने की धमकी, गढ़मुक्तेश्वर थाने में शिकायत दर्ज।

जनपद हापुड़ में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं एडवोकेट आनंद गुर्जर को कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। पीड़ित पक्ष ने गढ़मुक्तेश्वर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।तहरीर के मुताबिक, आनंद गुर्जर का आवास तहसील रोड स्थित सीओ कार्यालय गढ़मुक्तेश्वर के सामने है। आरोप है कि 15 मई 2026 की सुबह लगभग 5 बजकर 12 मिनट पर उनके घर के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। उस समय फोन आनंद गुर्जर की पत्नी ने रिसीव किया।शिकायत में कहा गया है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को आनंद गुर्जर को अच्छी तरह जानने वाला बताते हुए धमकी भरे अंदाज में कहा कि “उन्हें समझा दो कि वह घर से ज्यादा बाहर न निकलें, नहीं तो जान से मार दिया जाएगा।” आरोप है कि फोन करने वाले ने यह भी कहा कि “आजकल आनंद गुर्जर ज्यादा नेता बन रहे हैं, उन्हें गोली से उड़ा देंगे।” इसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया।

घटना के बाद आनंद गुर्जर और उनके परिवार में दहशत का माहौल बताया जा रहा है। तहरीर में कहा गया है कि अज्ञात व्यक्ति और उसके साथियों से परिवार को जानमाल का खतरा महसूस हो रहा है। इसी को लेकर पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।आनंद गुर्जर ने अपनी शिकायत में कहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए और धमकी देने वाले आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। कॉल डिटेल और संबंधित मोबाइल नंबर की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More