दिनांक:24/05/2026
ब्यूरो रिपोर्ट
हीट वेव को लेकर न्यू सेंचुरी पब्लिक स्कूल की बड़ी पहल, प्रिंसिपल डॉ. सुनीता शर्मा ने बच्चों और अभिभावकों को किया जागरूक।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न्यू सेंचुरी पब्लिक स्कूल ने हीट वेव यानी लू से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया है। स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. सुनीता शर्मा ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही बच्चों की सेहत पर भारी पड़ सकती है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है।स्कूल द्वारा जारी जागरूकता संदेश में हीट वेव से बचने के कई महत्वपूर्ण उपाय बताए गए हैं। डॉ. सुनीता शर्मा ने कहा कि बच्चों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। इसके साथ ही सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को हल्के रंग और सूती कपड़े पहनाएं तथा बाहर जाते समय सिर को ढककर रखें।प्रिंसिपल डॉ. सुनीता शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में तरबूज, खीरा, नारियल पानी और अन्य मौसमी फलों का सेवन बच्चों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। साथ ही बच्चों को छांव में रहने और अधिक देर तक धूप में खेलने से बचाने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी बच्चे को चक्कर आना, तेज बुखार, कमजोरी या बेचैनी महसूस हो तो तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर पानी या ओआरएस देना चाहिए और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य उनकी पहली प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से स्कूल समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम और सामाजिक संदेश जारी करता रहता है। न्यू सेंचुरी पब्लिक स्कूल की इस पहल की अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।डॉ. सुनीता शर्मा ने अंत में सभी से अपील करते हुए कहा कि “सावधानी अपनाकर ही हम हीट वेव जैसी गंभीर समस्या से बच सकते हैं। स्वस्थ बच्चा ही सशक्त भारत का भविष्य है।”




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




