दिनांक:25/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
महोबा दलित छात्रा कांड को लेकर हापुड़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन; पीड़िता को मुआवजा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग।
हापुड़ में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महोबा की दलित छात्रा के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली रोड स्थित जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कविता मीणा को सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।कांग्रेस नेताओं का कहना था कि महोबा जनपद में एक दलित छात्रा, जो नीट की कोचिंग कर घर लौट रही थी, उसका कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि युवती को कई दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए मानसिक प्रताड़ना दी गई। इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं और युवतियों के साथ दुष्कर्म और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पहुंचे तो प्रशासन द्वारा उन्हें रोक दिया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पीड़ित परिवारों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।वहीं शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने कहा कि किसी पीड़ित परिवार से मिलना अपराध नहीं हो सकता। उन्होंने मांग की कि पीड़िता को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और मामले में शामिल सभी आरोपियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कठोर दंड दिया जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं हुई तो पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की। इस मौके पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, पीसीसी सदस्य पंडित अरविंद शर्मा, डॉ. वीसी शर्मा, ऐजाज अहमद, नरेश भाटी, रजनीश त्यागी, रवींद्र गुर्जर, मुरसलीन चौधरी, लाल बहादुर, सीमा शर्मा, एडवोकेट रघुवीर सिंह, कुलदीप आत्रेय, विनोद जाटव, रश्मि चौधरी, गौरव गर्ग, यशपाल ढिलोर, कपिल शर्मा, अफजाल आढ़ती, बिजेंद्र त्यागी, नफीस खान, सचिन गोयल, रामलाल आर्य, खुशनूद अली, सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार और जस्सा सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



