दिनांक: 26/05/2026
हरदोई से ब्यूरो रिपोर्ट
हरदोई में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बाइक पलटने से युवक की मौत, दो दोस्त घायल।
हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जैतापुर गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।जानकारी के मुताबिक, जनिगांव निवासी उमेश, अमित और मुनेश एक ही बाइक पर सवार होकर जैतापुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक सामने आए वाहन को बचाने की कोशिश में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उमेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अमित को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया। मुनेश को हल्की चोटें आने के कारण उपचार के बाद घर भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि मृतक उमेश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।फिलहाल अतरौली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



