दिनांक:02/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
हापुड़ में 16.92 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड; मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार।
हापुड़। जनपद हापुड़ पुलिस ने कपड़ा व्यापारी से हुई 16 लाख 92 हजार रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जनपदीय स्वाट टीम और थाना बाबूगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल भी हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की अधिकांश रकम, अवैध हथियार तथा वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 की रात कपड़ा व्यापारी के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया।

जांच के दौरान पुलिस को व्यापारी के ड्राइवर लक्ष्य रावत की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में ड्राइवर ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने दो साथियों मन्नू उर्फ रिजवान और निहाल अहमद के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से व्यापारी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई और फिर लूट को अंजाम दिया।ड्राइवर द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने अलीपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से अवैध असलहा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने लूटे गए 16 लाख 92 हजार रुपये में से लगभग 16 लाख 50 हजार रुपये नकद भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही और लूट की रकम का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।इस सफल कार्रवाई को जनपद पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। घटना के शीघ्र खुलासे और लूट की रकम की बरामदगी से व्यापारिक वर्ग ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायल आरोपी का उपचार कराते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



