दिनांक: 02/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
हापुड़ में उद्योगपति के घर लाखों की डकैती, परिवार को बंधक बनाकर बदमाश फरार।
हापुड़। जनपद हापुड़ में सोमवार देर रात हुई एक बड़ी डकैती की वारदात ने शहर में सनसनी फैला दी। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में स्थित एक प्रतिष्ठित उद्योगपति के आवास पर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ रोड स्थित सरकारी अस्पताल के सामने रहने वाले उद्योगपति एवं शिक्षण संस्थान संचालक नरेन्द्र अग्रवाल के आवास पर देर रात चार बदमाश घर में घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों और चौकीदार को अपने कब्जे में लेकर करीब दो घंटे तक पूरे मकान की तलाशी ली। इस दौरान अलमारियों और लॉकरों में रखे जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती सामान समेटकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, क्षेत्राधिकारी नगर वरुण मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा कई बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना हापुड़ देहात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के अनावरण के लिए जनपद स्तर पर चार और रेंज स्तर पर तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।इस वारदात के बाद व्यापारिक संगठनों और स्थानीय लोगों में रोष देखा जा रहा है। लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की है। पुलिस की विशेष टीमें लगातार जांच और दबिश की कार्रवाई में जुटी हुई हैं।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



