धौलाना में ट्रांसफार्मर में भीषण आग, कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित।

SHARE:

दिनांक: 06/06/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

धौलाना में ट्रांसफार्मर में भीषण आग, कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित।

नमस्कार, आप देख रहे हैं हमारी विशेष रिपोर्ट हापुड़ जनपद के धौलाना कस्बे में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब काजीवाड़ा मोहल्ले में मदरसे के पास स्थापित एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें और उठते धुएं को देखकर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से जुड़ी केबल में पहले चिंगारी दिखाई दी, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और ट्रांसफार्मर उसकी चपेट में आ गया। एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, जिससे काजीवाड़ा समेत आसपास के कई मोहल्लों में बिजली गुल हो गई।भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का निरीक्षण किया।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में केबल से निकली चिंगारी को आग लगने का कारण माना जा रहा है। साथ ही बढ़ती गर्मी और अधिक विद्युत भार के चलते ओवरलोडिंग की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।अधिकारियों का कहना है कि जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी। साथ ही घटना के कारणों की विस्तृत जांच भी की जा रही है।फिलहाल राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन बिजली बाधित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।