दिनांक: 09/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
हिंदी साहित्य परिषद की काव्य संध्या में गूंजे समाज, प्रकृति और मातृत्व के स्वर।
श्रीनगर स्थित लक्ष्मी नर्सरी में हिंदी साहित्य परिषद के तत्वावधान में एक भव्य काव्य संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन प्रख्यात कवि एवं साहित्यकार प्रेम निर्मल द्वारा किया गया, जबकि संचालन वरिष्ठ कवि डॉ. अनिल बाजपेयी और कवयित्री सुनीता स्वामी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गीतकार महावीर वर्मा ने की तथा अजय बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।काव्य संध्या में विभिन्न कवियों और साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, प्रकृति संरक्षण, राष्ट्रप्रेम, संघर्ष, मानवीय संवेदनाओं और मातृत्व जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कवि प्रेम निर्मल ने वर्तमान परिस्थितियों और बढ़ती महंगाई पर व्यंग्यात्मक कविता प्रस्तुत कर श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया।

कवयित्री सुनीता स्वामी ने प्रेम, सद्भाव और मानवीय रिश्तों पर आधारित अपनी रचना सुनाई। वहीं डॉ. अनिल बाजपेयी ने सूखती नदियों और पर्यावरणीय चुनौतियों को अपनी कविता का विषय बनाया। गीतकार महावीर वर्मा ने भीषण गर्मी और बदलते मौसम की परिस्थितियों का सजीव चित्रण किया।कवि मोहनलाल तेजियान ने सामाजिक विभाजन और जातिगत सोच पर चिंता व्यक्त करते हुए एकता और सद्भाव का संदेश दिया। पंडित शिवप्रकाश शर्मा ने मां के वियोग की भावनाओं को मार्मिक शब्दों में व्यक्त किया, जबकि शायरा शहवार नावेद ने संघर्ष, सत्य और लक्ष्य प्राप्ति पर आधारित रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को प्रेरित किया।कवयित्री वर्षा जैन ने मातृभक्ति और मां के सम्मान का संदेश देते हुए अपनी कविता सुनाई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रोताओं ने सभी कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और साहित्यिक वातावरण का आनंद लिया।मुख्य अतिथि अजय बंसल ने अपने संबोधन में हिंदी साहित्य और काव्य परंपरा के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन साहित्यकारों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का कार्य करते हैं।इस अवसर पर हिंदी साहित्य परिषद की ओर से कवि एवं ग़ज़लकार प्रेम निर्मल को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक अजय मंगल ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन ने साहित्य प्रेमियों को एक यादगार शाम प्रदान की।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



