दिनांक:19/06/2026
रिपोर्ट by: संवादाता जगदीश माकन
हापुड़ के वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र गुर्जर बने एसपीसीए कार्यकारिणी सदस्य, पशु संरक्षण और कल्याण के लिए करेंगे महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन।
हापुड़। उत्तर प्रदेश शासन के पशुधन विभाग के अंतर्गत कार्यरत सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (SPCA) की जिला स्तरीय कार्यकारिणी समिति में हापुड़ के वरिष्ठ समाजसेवी एवं जवाहर गंज निवासी राजेंद्र गुर्जर को कार्यकारिणी सदस्य नामित किया गया है। उनके मनोनयन से क्षेत्र के समाजसेवियों और पशु प्रेमियों में खुशी का माहौल है।एसपीसीए समिति का गठन प्रदेश के सभी जनपदों में किया गया है, जिसका उद्देश्य पशुओं के संरक्षण, उनके कल्याण तथा उनके प्रति होने वाली क्रूरता को रोकना है। समिति के अध्यक्ष संबंधित जनपद के जिलाधिकारी तथा सचिव मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी होंगे। समिति में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी और सामाजिक सरोकार रखने वाले व्यक्तियों को शामिल किया गया है ताकि पशु कल्याण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

एसपीसीए समिति की प्रमुख जिम्मेदारियों में पशुओं के साथ होने वाली क्रूरता की घटनाओं को रोकना, बीमार, घायल एवं लावारिस पशुओं के उपचार और संरक्षण की व्यवस्था करना, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा समाज में पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और दया भाव विकसित करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है।इसके अतिरिक्त समिति द्वारा एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) कार्यक्रम के अंतर्गत आवारा कुत्तों की नसबंदी एवं टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी संचालित किए जाएंगे, जिससे पशुओं और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।कार्यकारिणी सदस्य बनाए जाने पर राजेंद्र गुर्जर ने उत्तर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन एवं पशुधन विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशुओं के संरक्षण और उनके कल्याण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए तथा पशुओं के प्रति मानवीय व्यवहार अपनाना चाहिए।राजेंद्र गुर्जर ने विश्वास व्यक्त किया कि समिति के माध्यम से जनपद में पशु संरक्षण और कल्याण से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी तथा पशुओं के प्रति संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकेगा।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



