पिलखुवा की बंद गत्ता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार।

SHARE:

दिनांक:18/05/2026

रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी

पिलखुवा की बंद गत्ता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार।

हापुड़ जनपद के पिलखुवा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खैरपुर-खैराबाद रोड स्थित एक बंद पड़ी गत्ता फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक आसमान में दिखाई देता रहा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए।स्थानीय लोगों के मुताबिक बंद पड़ी फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों और घने धुएं के कारण आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को मामले की जानकारी दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग के चलते पूरा वातावरण धुएं से भर गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं आग की चपेट में आने से कई पक्षियों के जलने की भी बात सामने आई है, जिससे मौके पर मौजूद लोग भावुक नजर आए।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।

Read More