दिनांक:18/05/2026
रिपोर्ट by: संवादाता इस्तेकार चौधरी
पिलखुवा में दबंगों का आतंक! युवक ने लगाया मारपीट, पीछा करने और जान से मारने की धमकी का आरोप।
हापुड़ जनपद के पिलखुवा क्षेत्र में दबंगई, मारपीट और लगातार धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। गांव रघुनाथपुर निवासी एक युवक ने गांव के ही कुछ नामजद और कई अज्ञात लोगों पर हमला करने, परिवार को डराने-धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना पिलखुवा में लिखित शिकायत देकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित प्रशांत पुत्र मुलेश के अनुसार, 15 मई 2026 को गांव के गोलू उर्फ अभिषेक, सोलू उर्फ विशेष और उनके साथियों ने उसके भाई आयुष की स्कूटी में तोड़फोड़ कर दी। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना के दौरान गांव के कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया, लेकिन इसके बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ।
![]()
शिकायत के मुताबिक, 16 मई की शाम प्रशांत अपने भाइयों विशाल और हरिकांत के साथ ट्रैक्टर से खेत जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि तीनों भाइयों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इस दौरान विशाल पर किसी नुकीली वस्तु से हमला किया गया, जिससे उसके हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आईं।पीड़ित परिवार का आरोप है कि 17 मई को आरोपी फिर से कुछ अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और लाठी-डंडे लहराते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। लगातार हो रही घटनाओं के कारण परिवार में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। शिकायत के अनुसार, 18 मई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे प्रशांत का भाई पंकज बाइक से हापुड़ से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसका पीछा किया और रास्ते में डराने-धमकाने की कोशिश की।

पीड़ित परिवार ने थाना पिलखुवा पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।



