दिनांक:24/05/2026
हरदोई ब्यूरो रिपोर्ट
गंगा स्नान के दौरान 12 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम।
हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र में शनिवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कटरी परसोला क्षेत्र के शेखनपुरवा गांव के पास गंगा नदी में नहाते समय 12 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, शेखनपुरवा निवासी जूली दोपहर के समय गांव के अन्य बच्चों के साथ गंगा नदी में स्नान करने गई थी। बताया जा रहा है कि घाट पर कोई बड़ा व्यक्ति मौजूद नहीं था और सभी बच्चे अकेले ही नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान जूली अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद किशोरी को नदी से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।बताया गया है कि जूली के पिता का पहले ही निधन हो चुका था और परिवार आर्थिक तंगी में जीवन यापन कर रहा था। वह अपने भाई-बहनों में सबसे छोटी और परिवार की लाडली थी। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि गंगा के संवेदनशील घाटों पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के लिए गोताखोर या पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




स्टार भारत न्यूज़ 24 की रिपोर्ट।




